फसल बीमा राशि नहीं मिलने पर किसान संघ का अल्टीमेटम, 15 दिन में भुगतान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन धरना

केकड़ी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को लंबे समय से बीमा राशि का भुगतान नहीं होने पर भारतीय किसान संघ ने नाराजगी जताते हुए सरकार और प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में किसानों के खातों में बीमा मुआवजा जमा नहीं हुआ तो उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

फसल बीमा राशि के भुगतान की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपते भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी।

भारतीय किसान संघ राजस्थान (चित्तौड़ प्रांत) के बैनर तले सोमवार को पंचायत समिति सभागार में भारतीय किसान संघ जिला केकड़ी की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किए गए। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी के माध्यम से स्मरण-पत्र सौंपा गया।ज्ञापन में बताया गया कि खरीफ 2023, खरीफ 2024 और खरीफ 2025 की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ जिले के अधिकांश किसानों को अब तक नहीं मिल पाया है। वहीं प्राकृतिक आपदा के बाद मिलने वाला आदान अनुदान भी केवल 50 से 55 प्रतिशत किसानों तक ही पहुंचा है। इससे गरीब एवं मजदूर किसानों के सामने नई फसल की बुवाई के लिए आर्थिक संकट गहरा गया है।किसान संघ ने ज्ञापन में चारागाह भूमि एवं राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने की भी मांग उठाई। संगठन का कहना है कि किसानों की इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है।
भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से मांग की है कि पत्र प्राप्ति के 15 दिनों के भीतर फसल बीमा राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो संगठन उपखंड अधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
बैठक एवं ज्ञापन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सत्यनारायण प्रजापति, जिला मंत्री राजेंद्र प्रसाद शर्मा, संभाग अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद शर्मा ‘मिश्र’, संभाग बीज प्रमुख रामप्रसाद कुमावत, जैविक प्रमुख नारायण सिंह राठौड़, पर्यावरण प्रमुख किसानलाल मीणा, जिला सहमंत्री नाथूलाल शर्मा, विद्युत प्रमुख बनाराम लोहार, राजस्व प्रमुख पोखराम जाट, जिला प्रचार प्रमुख लक्ष्मण खारोल, विधि प्रमुख हरि मुंशी, तहसील अध्यक्ष घीसालाल शर्मा, कार्यालय मंत्री सुरेश कविया, सदस्य रघुनाथ सिंह राठौड़, सुरेंद्र सिंह राठौड़, लालाराम गुर्जर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *