केकड़ी, 5 अगस्त। फसल खराबा क्लेम और आदान अनुदान की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने बुधवार को केकड़ी एवं बघेरा तहसील की ओर से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से झालावाड़ जिले में चल रहे किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए सरकार से शीघ्र मुआवजा जारी करने की मांग की गई।

संभाग अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद शर्मा ‘मिश्र’ ने बताया कि करीब 15 दिन पूर्व झालावाड़ में हुए लिखित समझौते में प्रशासन द्वारा चार दिन के भीतर किसानों के खातों में मुआवजा राशि जमा कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय से अधिक दिन बीत जाने के बावजूद किसानों की मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में झालावाड़ जिले की पांच तहसीलों के किसान लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और सड़क पर ही दिन-रात आंदोलन जारी रखे हुए हैं।
किसान संघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र किसानों की मांगें नहीं मानीं तो 20 अगस्त से राजस्थान के सभी 41 जिलों में लगातार धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया कि अन्नदाता किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए फसल खराबा मुआवजा एवं आदान अनुदान की राशि जल्द जारी कर राहत प्रदान की जाए।इस दौरान जिला अध्यक्ष सत्यनारायण प्रजापति, जिला मंत्री राजेंद्र प्रसाद शर्मा, केकड़ी तहसील अध्यक्ष अंबालाल मीणा, बघेरा तहसील अध्यक्ष हेमराज धाकड़, तहसील मंत्री प्रहलाद राय पांडे, इकाई अध्यक्ष रामराज धाकड़, रामकरण कुमावत, रामनिवास कुमावत, विद्युत प्रमुख बना राम लोहार, घीसा लाल, महावीर (नयागांव), तहसील उपाध्यक्ष महावीर रेगर, लालाराम रेगर, खुशीराम सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।