कई बच्चे तेज बुखार की चपेट में, जिला अस्पताल में भर्ती बच्चों का उपचार जारी; एक बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जयपुर रेफर
केकड़ी। शहर के एक निजी विद्यालय में अध्ययनरत कई बच्चों के पिछले कुछ दिनों से लगातार तेज बुखार से पीड़ित होने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। इनमें से दो बच्चों की जांच में ब्रुसेला संक्रमण की पुष्टि होने की जानकारी सामने आई है। कई बच्चों के एक साथ बीमार पड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग भी सक्रिय हो गया है।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से विद्यालय में पढ़ने वाले कई बच्चे तेज बुखार की शिकायत के साथ जिला चिकित्सालय पहुंच रहे थे। इनमें एक बच्चे को परिजन अजमेर स्थित निजी चिकित्सालय लेकर गए, जहां जांच के दौरान ब्रुसेला संक्रमण की पुष्टि होने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद जिला चिकित्सालय में भर्ती एक बच्ची की भी ब्रुसेला संक्रमण को लेकर जांच कराई गई। शनिवार शाम आई रिपोर्ट में बच्ची के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद परिजन बच्ची को आगे के उपचार के लिए जयपुर लेकर रवाना हो गए।फिलहाल जिला चिकित्सालय में कई बच्चे भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है। बच्चों के एक साथ बीमार पड़ने की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली।
क्या है ब्रुसेला संक्रमण?-ब्रुसेलोसिस एक जूनोटिक बीमारी है, जो संक्रमित पशुओं से मनुष्यों में फैल सकती है। यह संक्रमित पशुओं के संपर्क में आने अथवा संक्रमित पशु उत्पादों, विशेषकर कच्चे या बिना पाश्चुरीकृत दूध के सेवन से फैल सकती है। इसमें लंबे समय तक बुखार, कमजोरी, पसीना और शरीर में दर्द जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
कई बच्चों के बीमार पड़ने से सवाल-एक ही विद्यालय में अध्ययनरत कई बच्चों के लगातार तेज बुखार से पीड़ित होने और दो बच्चों में ब्रुसेला संक्रमण की पुष्टि के बाद अब यह भी जांच का विषय है कि संक्रमण का स्रोत क्या है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले की जांच और अन्य बच्चों की स्थिति पर नजर रखना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
