केकड़ी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केकड़ी नगर पालिका चेयरमैन अनिल मित्तल ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भाजपा देहात अजमेर जिलाध्यक्ष को भेजे त्यागपत्र में वर्तमान परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि अब वे पार्टी को अपनी सेवाएं देने में सक्षम नहीं हैं।

मित्तल ने अपने इस्तीफे में बताया कि वे वर्ष 1990 से करीब 36 वर्षों से भाजपा के सक्रिय सदस्य रहे हैं। इस दौरान पार्टी ने उन्हें विभिन्न संगठनात्मक दायित्व सौंपे, जिनका उन्होंने पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से निर्वहन किया।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1995 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से राजकीय महाविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद युवा मोर्चा, व्यापार प्रकोष्ठ, उपाध्यक्ष सहित कई दायित्वों पर काम किया। वर्ष 2015 से 2020 तक वे केकड़ी नगर पालिका के चेयरमैन भी रहे।
मित्तल ने कहा कि इसके बाद भी उन्होंने पार्टी में संयोजक, प्रभारी तथा भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ अजमेर देहात के संयोजक के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। पार्टी ने उन्हें समय-समय पर जो भी दायित्व सौंपे, उनका उन्होंने पूरी निष्ठा से पालन किया।
इस्तीफे में उन्होंने लिखा कि “वर्तमान परिस्थितियों में मैं अब अपनी सेवाएं भारतीय जनता पार्टी को नहीं दे पाऊंगा, इसके लिए मैं क्षमाप्रार्थी हूं।” इसके साथ ही उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से अपना त्यागपत्र दे दिया। मित्तल ने पार्टी से अब तक मिले सहयोग के लिए आभार जताते हुए आगे भी सहयोग की आशा व्यक्त की है।
अनिल मित्तल के इस्तीफे को केकड़ी भाजपा की स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। उनके करीब 36 वर्षों के राजनीतिक सफर और नगर पालिका चेयरमैन जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों को देखते हुए उनके निर्णय को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।