केकड़ी में महावृक्षारोपण अभियान: “एक गाँव–एक पंचवटी” के तहत 300 से अधिक पौधे लगाए

केकड़ी। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में रविवार को केकड़ी में पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर की प्रेरणा से आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा “एक गाँव–एक पंचवटी” महावृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में 300 से अधिक औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।

केकड़ी के राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में “एक गाँव–एक पंचवटी” अभियान के तहत वृक्षारोपण करते आर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवक एवं अतिथि।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग एवं सुदर्शन क्रिया से हुई। इसके बाद महाविद्यालय के नवीन भवन परिसर, जो राजकीय देवनारायण बालिका आवासीय छात्रावास के समीप स्थित है, में भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व रखने वाले पंचवटी के पांच पवित्र वृक्ष—पीपल, बरगद, आंवला, बेल और अशोक—का विधिवत रोपण किया गया। साथ ही बड़ी संख्या में औषधीय एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन का संदेश दिया गया।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरिराज साहू ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन, स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
अभियान में आर्ट ऑफ लिविंग, केकड़ी के कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान महेंद्र पारीक, मनीष दाधिच, लक्ष्मी पाराशर, जगदीश पारीक, श्याम पारीक, महेश कुमार बोयत, योगेंद्र पारीक, चंद्र प्रकाश पारीक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।महाविद्यालय के नागरिक सुरक्षा कर्मचारियों ने भी अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *