बघेरा स्कूल में छात्राओं से बैड टच की शिकायत, वरिष्ठ अध्यापक व कार्यवाहक प्रधानाचार्य निलंबित

निलंबन आदेश की प्रति।

केकड़ी। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बघेरा में छात्राओं के साथ कथित तौर पर बैड टच किए जाने की शिकायत और इस मामले में समय पर कार्रवाई नहीं करने को शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। मामले में विभाग ने वरिष्ठ अध्यापक दिनेश कुमार जैन और कार्यवाहक प्रधानाचार्य राजेन्द्र कुमार पंवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।संयुक्त निदेशक (स्कूल शिक्षा) अजमेर संभाग की ओर से 12 अगस्त को जारी निलंबन आदेश में बताया गया कि विद्यालय में कार्यरत वरिष्ठ अध्यापक गणित दिनेश कुमार जैन के विरुद्ध छात्राओं के साथ बैड टच करने की शिकायत सामने आई थी। शिकायत को लेकर 12 अगस्त को छात्राओं और ग्रामीणों ने विद्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जैन के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर उन्हें राजस्थान असैनिक सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम-1958 के नियम 13 के तहत निलंबित कर दिया।
निलंबन अवधि में दिनेश कुमार जैन का मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय लाडनूं (डीडवाना-कुचामन) निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा।

निलंबन आदेश की प्रति।



प्रधानाचार्य पर भी गिरी गाज-मामले में विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य राजेन्द्र कुमार पंवार पर भी विभाग ने कार्रवाई की है। निदेशक माध्यमिक शिक्षा राजस्थान, बीकानेर की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि छात्राओं द्वारा वरिष्ठ अध्यापक के खिलाफ बैड टच की शिकायत कार्यवाहक प्रधानाचार्य को समय-समय पर किए जाने के बावजूद संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके परिणामस्वरूप 12 अगस्त को छात्राओं एवं ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिससे विभाग की छवि धूमिल हुई।

विभाग ने इसे राजकीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही मानते हुए राजेन्द्र कुमार पंवार के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर उन्हें भी राजस्थान असैनिक सेवाएं नियम-1958 के नियम 13(1) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।निलंबन अवधि में पंवार का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक, बाड़मेर कार्यालय रहेगा और उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा।दोनों मामलों में विभागीय जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *