
केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में 29 शतायु मतदाता, विश्व वृद्धजन दिवस पर हुआ सम्मान
केकड़ी। विश्व वृद्धजन दिवस के अवसर पर मंगलवार को चुनाव आयोग के कैलेंडर एवं जिला परिषद अजमेर के निर्देशानुसार केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में शतायु मतदाताओं का सम्मान किया गया। विधानसभा क्षेत्र में 100 वर्ष से अधिक आयु के 29 वृद्धजन मतदाता हैं। निर्वाचन विभाग की ओर से सभी शतायु मतदाताओं को सम्मानित किया गया।
केकड़ी शहर में 102 वर्षीय संतोष देवी का निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम सुरेश कुमार तथा समर्पित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार सत्यनारायण लोहार ने माल्यार्पण कर सम्मान किया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त, राजस्थान की ओर से जारी प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया।
इसी क्रम में सरवाड़ में तहसीलदार दिनेश चन्द्र ने 104 वर्षीय राजी देवी, 101 वर्षीय नाती देवी एवं 103 वर्षीय वातुल बानो को माल्यार्पण एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर स्वीप टीम के जयकांत शर्मा, रमेश माली, अनुज शर्मा, गोपाल धाकड़, सुमन यादव, जितेश माली एवं बनवारी लाल ने सहभागिता निभाई। निर्वाचन विभाग ने शतायु मतदाताओं के लोकतांत्रिक प्रक्रिया में निरंतर योगदान को सम्मानित करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
