केकड़ी 27 जुलाई -तीर्थ नगरी गोकणेश्वर बीसलपुर में श्री रैगर समाज महासभा के तत्वावधान में नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, समाजबंधु एवं प्रबुद्धजन शामिल हुए। समारोह में मुख्य अतिथि शाहपुरा विधायक प्रत्याशी नरेंद्र कुमार रेगर थे जबकि संरक्षक एवं मुख्य भामाशाह गोपाल लाल वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पहार, दुपट्टा एवं साफा पहनाकर पारंपरिक स्वागत व अभिनंदन किया गया। स्वागत समारोह के पश्चात नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को अतिथियों ने क्रमवार शपथ दिलाई तथा समाज के प्रति निष्ठा,सेवा और संगठन को मजबूत करने का संकल्प दिलाया।

समारोह को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरेंद्र कुमार रेगर ने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने, शिक्षा के माध्यम से बच्चों एवं बालिकाओं को सशक्त बनाने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित होकर अपने अधिकारों एवं विकास के लिए निरंतर संघर्ष करना होगा। वक्ताओं ने शिक्षा, संगठन और सामाजिक जागरूकता को समाज की प्रगति का आधार बताया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि गोपाल लाल वर्मा ने रैगर समाज धर्मशाला के विकास कार्यों के लिए इक्यावन
हजार की सहयोग राशि देने की घोषणा की, जिस पर उपस्थित समाजबंधुओं ने उनका तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।समारोह में अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा और जयपुर सहित विभिन्न जिलों से आए रैगर समाज के सैकड़ों बुद्धिजीवी, समाजसेवी एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में महासभा अध्यक्ष हरिराम परसोया ने सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। समारोह के समापन पर महासभा की ओर से सभी उपस्थित लोगों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की गई।