जयपुर। राजस्थान में पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर चल रहा इंतजार अब खत्म होने वाला है। राजस्थान हाईकोर्ट ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत चुनाव कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही प्रदेश में पहले स्थानीय निकाय और उसके बाद पंचायत चुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया है।
राज्य सरकार की ओर से हाईकोर्ट में पेश कार्यक्रम के अनुसार 17 अगस्त को स्थानीय निकाय चुनाव कार्यक्रम जारी किया जाएगा, जबकि 22 अगस्त को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी।

इसके बाद 23 सितंबर को पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। सरकार ने 15 नवंबर तक पंचायत चुनाव सहित पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने का लक्ष्य रखा है।
वहीं, ओबीसी राजनीतिक आरक्षण को लेकर गठित आयोग 5 अगस्त तक अपनी अंतिम रिपोर्ट सरकार को सौंपेगा। इसके बाद राज्य सरकार 15 अगस्त तक आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी करेगी, जिससे चुनाव प्रक्रिया तय समय पर शुरू हो सकेगी।
हाईकोर्ट की मंजूरी मिलने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग और प्रशासन ने चुनाव तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज होने की संभावना है।