अजमेर संभाग में निकाय चुनाव की लॉटरी, आरक्षण की तस्वीर साफ

केकड़ी-सावर सामान्य वर्ग, सावर भी सामान्य; सरवाड़ अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित

अजमेर। आगामी निकाय चुनावों को लेकर गुरुवार, 13 अगस्त को अजमेर संभाग में नगर निकायों के अध्यक्ष पदों के आरक्षण की लॉटरी निकाली गई। लॉटरी के बाद अजमेर, भीलवाड़ा, नागौर और टोंक जिले की विभिन्न नगर पालिकाओं एवं नगर निकायों में अध्यक्ष पद के आरक्षण की स्थिति स्पष्ट हो गई। आरक्षण की घोषणा के साथ ही निकाय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दावेदारों की राजनीतिक सक्रियता बढ़ गई है।

लॉटरी में केकड़ी नगर पालिका अध्यक्ष पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित हुआ है। वहीं सावर नगर पालिका अध्यक्ष पद भी सामान्य वर्ग के खाते में आया है। दोनों स्थानों पर सामान्य सीट आने के बाद भाजपा और कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े संभावित दावेदारों ने चुनावी रणनीति बनाना शुरू कर दिया है।

सरवाड़ नगर पालिका अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित हुआ है। इससे महिला दावेदारों के लिए चुनावी मैदान खुल गया है और राजनीतिक दलों में संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

लॉटरी में पुष्कर, मेडतारोड, नागौर, जायल, बनेड़ा, गंगापुर, खाटूखुर्द, दूनी, हम्मीरगढ़, लाडनू, पीपलू, बोरावड़, रियाबाड़ी, नावां, आसींद, विजयनगर, टाटोटी, मसूदा, बिजौलिया, देवली, डीडवाना, कुचामन सिटी, अजमेर, बासनी, पिसांगन, भीलवाड़ा, जैतारण, निवाई, लाम्बाहरिसिंह, टोडारायसिंह, जहाजपुर, ब्यावर, मेडता सिटी, मालपुरा, माण्डलगढ़, किशनगढ़, गुलाबपुरा, डिग्गी, बिगोद, रायपुर, कुचेरा, परबतसर, डेगाना, शाहपुरा, मकराना, नसीराबाद, मूंडवा, टोंक और उनियारा सहित विभिन्न निकायों के अध्यक्ष पदों का आरक्षण निर्धारित किया गया।

आरक्षण की तस्वीर साफ होने के बाद अब राजनीतिक दलों के सामने अपने-अपने प्रत्याशियों के चयन की चुनौती रहेगी। खासकर सामान्य वर्ग की सीटों पर लंबे समय से चुनाव की तैयारी कर रहे दावेदारों में मुकाबला रोचक होने के आसार हैं। वहीं महिला आरक्षित सीटों पर प्रमुख राजनीतिक दलों में महिला दावेदारों की तलाश और सियासी समीकरणों को साधने का दौर शुरू होगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *