

केकड़ी सदर थाना पुलिस की कार्रवाई, डीग जिले से आरोपी गिरफ्तार; चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद
केकड़ी। कादेड़ा गांव में घर के बाहर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में केकड़ी सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने भीलवाड़ा, बूंदी, टोंक, जयपुर, दौसा और भरतपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
पुलिस के अनुसार, कादेड़ा निवासी लेखराज की ओर से 5 अक्टूबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। परिवादी ने बताया कि उसने रात में अपने घर के सामने ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की थी। सुबह उठकर देखा तो ट्रैक्टर-ट्रॉली गायब मिली। आसपास तलाश करने के साथ रिश्तेदारों और ग्रामीणों से भी पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से जुटाए सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए विभिन्न जिलों में जांच की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी अजरुद्दीन (28) पुत्र जेदु, निवासी खेड़ा, थाना कैथवाड़ा, जिला डीग को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर जब्त की है।
थानाधिकारी के नेतृत्व में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील तथा वृत्ताधिकारी केकड़ी मनोज कुमार गुप्ता के सुपरविजन में थानाधिकारी मुकेश गोरा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक भंवर सिंह, कांस्टेबल रमेश और कांस्टेबल हितेश शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की बरामदगी की गई है।