
बीएससी नर्सिंग की प्रथम बैच की छात्रा निरमा भाकर ने रचा सफलता का नया अध्याय, डिग्री के बाद महज दो माह में RNC पंजीकरण और फिर राष्ट्रीय स्तर पर शानदार रैंक
उमाशंकर वैष्णव | केकड़ी
केकड़ी। हौसलों की उड़ान के लिए लंबा वक्त नहीं, मजबूत इरादे और निरंतर मेहनत चाहिए। राजकीय मॉडल नर्सिंग संस्थान, केकड़ी की प्रथम बैच की छात्रा निरमा भाकर ने अपनी उपलब्धि से यही साबित किया है। बीएससी नर्सिंग का पाठ्यक्रम पूरा करने के महज चार माह के भीतर निरमा ने प्रतिष्ठित NORCET-11 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 70 हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। उनकी इस सफलता ने न केवल संस्थान, बल्कि पूरे केकड़ी क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
डिग्री के बाद तैयारी को दी धार, हासिल किया मुकाम
निरमा ने जून 2026 में बीएससी नर्सिंग का पाठ्यक्रम पूरा किया। इसके बाद अगस्त में राजस्थान नर्सिंग काउंसिल (RNC) में पंजीकरण प्राप्त किया और अक्टूबर में आयोजित NORCET-11 परीक्षा में 70वीं अखिल भारतीय रैंक हासिल कर ली। कम समय में सफलता की इस ऊंचाई तक पहुंचना उनकी एकाग्रता, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
नागौर जिले की डेगाना तहसील के नोसरिया गांव स्थित भाकरों की ढाणी निवासी निरमा राजकीय मॉडल नर्सिंग संस्थान, केकड़ी के बीएससी नर्सिंग सत्र 2021-22 की प्रथम बैच की छात्रा रही हैं। चार वर्ष के शैक्षणिक सफर में अर्जित ज्ञान और नियमित अध्ययन को उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में सफलता की ताकत बनाया।
पढ़ाई से लेकर सह-शैक्षणिक गतिविधियों तक अव्वल
संस्थान के प्राचार्य एवं संकाय सदस्यों के अनुसार, निरमा प्रवेश के समय से ही पढ़ाई में अव्वल रही हैं। उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाई और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि संस्थान में अर्जित शैक्षणिक ज्ञान, व्यक्तिगत मेहनत और स्पष्ट लक्ष्य मिलकर बड़ी उपलब्धियों का रास्ता खोल सकते हैं।
प्रथम बैच की उपलब्धि से संस्थान में खुशी
निरमा की इस उपलब्धि पर राजकीय मॉडल नर्सिंग संस्थान, केकड़ी के प्राचार्य एवं समस्त संकाय सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रथम बैच की छात्रा का राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार रैंक हासिल करना संस्थान के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
निरमा भाकर की उपलब्धि उन युवाओं के लिए संदेश है, जो नर्सिंग के क्षेत्र में आगे बढ़कर प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में सेवाएं देने का सपना देखते हैं। उन्होंने साबित किया कि मंजिल तक पहुंचने के लिए वर्षों का इंतजार नहीं, बल्कि सही दिशा में लगातार प्रयास जरूरी हैं।

