बघेरा की रामलीला में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, प्रभु राम सहित चारों भाइयों का हुआ जन्म

बघेरा में रामलीला के दौरान राजा दशरथ अपने चारों पुत्रों के साथ प्रसंग का मंचन करते हुए।

स्थानीय कलाकारों ने किया सजीव मंचन, सीता जन्म की लीला ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

बघेरा, 11 अक्टूबर। श्री राम नवयुवक मंडल के तत्वावधान में आयोजित रामलीला के दूसरे दिन रविवार को विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का मनोहारी मंचन किया गया। स्थानीय कलाकारों ने अपनी सजीव अभिनय कला से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। लीला के दौरान भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों के जन्म और माता सीता के प्राकट्य के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

मंडल प्रवक्ता ललित नामा ने बताया कि दूसरे दिन की लीला का पर्दा राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बघेरा के समस्त स्टाफ की ओर से खोला गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विष्णु एवं श्रीरामायण जी की भव्य महाआरती के साथ हुआ।

रामलीला में रावण, कुंभकर्ण और विभीषण द्वारा घोर तपस्या कर ब्रह्माजी से वरदान प्राप्त करने, मय दानव द्वारा अपनी पुत्री मंदोदरी का विवाह रावण से करवाने तथा रावण द्वारा कुबेर को परास्त कर लंका पर अधिकार करने के प्रसंगों का मंचन किया गया। इसके बाद राजा दशरथ के घर प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के जन्म तथा राजा जनक के यहां माता सीता के प्राकट्य की लीला का सजीव चित्रण किया गया।

मंचन के दौरान दर्शक धार्मिक भावनाओं से सराबोर नजर आए। रामलीला देखने के लिए प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *