नाकाबंदी तोड़कर भागी कार, पीछा कर पकड़ा, 43.5 किलो डोडा-पोस्त जब्त।

सदर थाना पुलिस की कार्रवाई, तीन गिरफ्तार; कार सहित जब्त माल की कीमत करीब 8 लाख रुपए।

नाकाबंदी तोड़कर भागी स्विफ्ट डिजायर कार को पीछा कर रोकने के बाद पुलिस द्वारा जब्त 43.5 किलो डोडा-पोस्त के छिलके और गिरफ्तार आरोपी।



केकड़ी 13 अगस्त
ड्रग फ्री राजस्थान अभियान के तहत केकड़ी सदर थाना पुलिस ने गुरुवार को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 43 किलो 500 ग्राम डोडा-पोस्त के छिलके बरामद किए। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार जब्त डोडा-पोस्त और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए है। पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील और वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी मुकेश गोरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 13 अगस्त को बोगला गांव में नाकाबंदी की थी।

नाकाबंदी तोड़कर भागी कार, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा-पुलिस के अनुसार पुराने कोटा रोड, देवली की तरफ से एक स्विफ्ट डिजायर कार बोगला की ओर आ रही थी। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक नाकाबंदी तोड़कर तेज गति से कार भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर कृष्ण गोपाल कालेड़ा पावर हाउस के पास कार को रुकवाया। कार की तलाशी लेने पर दो प्लास्टिक के कट्टों में 43 किलो 500 ग्राम डोडा-पोस्त के छिलके मिले। पुलिस ने मौके से महेन्द्र चोयल, हंसराज जाट और विकास बैरवा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही डोडा-पोस्त परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार नंबर आरजे 42 सीए 6709 जब्त कर ली।

तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला-पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केकड़ी सदर थाने में प्रकरण संख्या 160/2026 दर्ज कर धारा 8/15(बी), 8/29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सराना थानाधिकारी उपनिरीक्षक नाहरसिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और सप्लाई के बारे में पूछताछ कर रही है।

कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल-कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी मुकेश गोरा, एएसआई विश्राम, रमेश और राकेश, हेड कांस्टेबल विजयसिंह, बंशीलाल, राजकिरण तथा कांस्टेबल जीतराम, रामजीलाल, महेन्द्र, हितेश और मनीष कुमार शामिल रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *