काउंटिंग प्लान जारी, 42 बूथों की मतगणना से तय होगा कौन बनेगा पार्षद
केकड़ी। नगर पालिका चुनाव में मतदान के बाद अब शहर की नजरें मतगणना पर टिक गई हैं। नगर पालिका के 40 वार्डों के चुनाव परिणाम 9 राउंड में सामने आएंगे। रिटर्निंग अधिकारी (नपा) एवं एसडीएम केकड़ी की ओर से जारी काउंटिंग प्लान के अनुसार अलग-अलग टेबल पर बूथवार मतगणना कराई जाएगी। जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़ेंगे, प्रत्याशियों की धड़कनें और समर्थकों की बेचैनी भी बढ़ती जाएगी।
काउंटिंग प्लान के मुताबिक पहले राउंड में वार्ड 1 से 5, दूसरे राउंड में वार्ड 6 से 9, तीसरे राउंड में वार्ड 10 से 14, चौथे राउंड में वार्ड 15 से 18, पांचवें राउंड में वार्ड 19 से 21, छठे राउंड में वार्ड 22 से 28, सातवें राउंड में वार्ड 29 से 32, आठवें राउंड में वार्ड 33 से 39 तथा अंतिम नौवें राउंड में वार्ड 40 की मतगणना शामिल है।
मतगणना के दौरान कुल 42 बूथों के मतों की गणना निर्धारित टेबलों पर की जाएगी। कुछ वार्डों के बूथों की गणना अलग-अलग टेबलों पर होने के कारण परिणाम राउंडवार सामने आएंगे। इस वजह से शुरुआती राउंड में आने वाले परिणाम पूरे चुनाव की तस्वीर नहीं, बल्कि धीरे-धीरे बनती राजनीतिक तस्वीर का संकेत देंगे।
पहले राउंड से शुरू होगा परिणामों का रोमांच–पहले राउंड में वार्ड 1 से 5 की मतगणना के साथ परिणामों का सिलसिला शुरू होगा। इसके बाद दूसरे और तीसरे राउंड में वार्ड 6 से 14 तक के नतीजे सामने आएंगे। चौथे और पांचवें राउंड तक पहुंचते-पहुंचते मुकाबले की दिशा काफी हद तक स्पष्ट होने लगेगी।छठे राउंड में वार्ड 22 से 28 तक की मतगणना होगी, जिसे चुनावी लिहाज से अहम माना जा रहा है। इसके बाद सातवें और आठवें राउंड में वार्ड 29 से 39 तक के परिणाम सामने आएंगे। नौवें और अंतिम राउंड में वार्ड 40 का परिणाम आने के साथ ही नगर पालिका के 40 वार्डों की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।
कौन बनेगा बोर्ड का सरताज?–मतदान के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 40 वार्डों में किस दल का पलड़ा भारी रहेगा और नगर पालिका बोर्ड की चाबी किसके हाथ लगेगी। भाजपा, कांग्रेस के साथ निर्दलीय और अन्य प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने गणित में जुटे हैं। काउंटिंग के हर राउंड के साथ चुनावी समीकरण बदलने की संभावना बनी रहेगी।
रिटर्निंग अधिकारी (नपा) एवं एसडीएम केकड़ी की ओर से जारी काउंटिंग प्लान ने अब शहर की चुनावी उत्सुकता को परिणामों की उल्टी गिनती में बदल दिया है। अब निगाहें मतगणना स्थल पर रहेंगी और हर राउंड के साथ केकड़ी की नई राजनीतिक तस्वीर सामने आती जाएगी।
