
नगर कांग्रेस सम्मेलन में गरजे पूर्व कैबिनेट मंत्री, बोले- विकास के विजन के साथ चुनाव मैदान में उतरी कांग्रेस; 40 प्रत्याशियों को जीत का मंत्र
केकड़ी। नगर पालिका चुनाव को लेकर आदिनाथ वाटिका में आयोजित नगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस ने चुनावी बिगुल फूंकते हुए संगठन की ताकत और विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ने का संकल्प दोहराया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रघु शर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट हेमंत जैन ने की।सम्मेलन में डॉ. रघु शर्मा ने कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों में जोश भरते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास के विजन को लेकर नगर पालिका चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों का चयन प्रभारियों के सर्वे के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि ये ऐसे कार्यकर्ता हैं, जो जमीन से जुड़े हुए हैं और केकड़ी के विकास के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं।

‘केकड़ी को जिला बनाना कांग्रेस का काम, वापस जिला नहीं बनाया तो राजनीति छोड़ दूंगा’
डॉ. रघु शर्मा ने केकड़ी जिले के मुद्दे को चुनावी केंद्र में रखते हुए कहा कि केकड़ी को जिला बनाने का काम कांग्रेस सरकार ने किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर केकड़ी को फिर जिला बनाया जाएगा। उन्होंने मंच से संकल्प लेते हुए कहा कि “कांग्रेस सरकार आने के बाद केकड़ी को वापस जिला नहीं बनाया तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा।”
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल ने कहा कि केकड़ी के विकास और नगर के हितों के लिए कांग्रेस के सभी 40 प्रत्याशियों के साथ उन्होंने संकल्प लिया है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि “भाजपा ने केकड़ी को हवाला कारोबारियों के हवाले कर दिया है।”मित्तल ने कांग्रेस प्रत्याशियों से चुनाव में पूरी सक्रियता, मेहनत और एकजुटता के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी डर या दबाव में आए बिना पूरी ताकत से चुनाव मैदान में डटे रहें।सम्मेलन में कांग्रेस के सभी 40 प्रत्याशियों, चुनाव प्रभारियों और संगठन के पदाधिकारियों के बीच चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क बढ़ाने, कांग्रेस के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में केकड़ी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, नगर अध्यक्ष हेमंत जैन, सरवाड़ ब्लॉक अध्यक्ष श्यामलाल बैरवा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, एडवोकेट मोहम्मद नकवी, एडवोकेट नवल किशोर पारीक, एडवोकेट निर्मल जैन, रतन पंवार, संगठन महामंत्री रमेश पारीक, एडवोकेट आसिफ हुसैन सहित कांग्रेस के सभी प्रत्याशी, चुनाव प्रभारी, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।