केकड़ी, 22 जुलाई। रामद्वारा सेवा सत्संग समिति के तत्वावधान में बुधवार को रामस्नेही संप्रदाय के पूज्य संत जग बल्लभ राम महाराज का केकड़ी रामद्वारा में चातुर्मास के लिए भव्य मंगल प्रवेश होगा। संत के आगमन को लेकर रामद्वारा परिसर सहित पूरे नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। समिति ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

रामस्नेही संप्रदाय के पूज्य संत जग बल्लभ राम महाराज
रामद्वारा चातुर्मास समिति के व्यवस्थापक रामगोपाल सैनी ने बताया कि श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए पूज्य संत श्री जग बल्लभ राम महाराज चातुर्मास के लिए केकड़ी पधार रहे हैं। उनका आगमन नगरवासियों के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा और सौभाग्य का अवसर है।उन्होंने बताया कि बुधवार शाम 6 बजे सूरजपोल गेट के बाहर माली मोहल्ले स्थित पथवारी से पहले नया कुआं चौराहे पर संतश्री का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद बैंड-बाजों, भजन-कीर्तन और जयघोष के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई नवीन रामद्वारा भवन पहुंचेगी। वहां संतश्री का विधिवत स्वागत एवं मंगल प्रवेश कराया जाएगा।समिति के पदाधिकारी आनंदीराम सोमानी ने बताया कि चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन सत्संग, भजन, प्रवचन, आध्यात्मिक चिंतन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मलाभ प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि चातुर्मास भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है, जो धर्म, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के प्रसार का माध्यम माना जाता है।रामद्वारा सेवा सत्संग समिति ने नगर एवं आसपास के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर संत श्री जग बल्लभ राम महाराज की पधरावणी में शामिल होने और चातुर्मास के धार्मिक आयोजनों का लाभ लेने की अपील की है।