बघेरा में सामाजिक सुरक्षा पेंशन फॉलो-अप शिविर आयोजित, लाभार्थियों की समस्याओं का मौके पर समाधान



केकड़ी 24 जुलाई
ग्राम पंचायत बघेरा के अटल सेवा भवन में शुक्रवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन फॉलो-अप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पूर्व में पंजीकृत लाभार्थियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। अधिकारियों ने लाभार्थियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
शिविर में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान पेंशन सत्यापन, ई-केवाईसी, बैंक खातों में त्रुटि सुधार, आधार लिंकिंग तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके, इसके लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।

बघेरा के अटल सेवा भवन में आयोजित सामाजिक सुरक्षा पेंशन फॉलो-अप शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते अधिकारी।

शिविर में तहसीलदार सत्यनारायण लोहार, आईएलआर सीताराम आचार्य, अतिरिक्त ऑफिस पटवारी बबलू महावर, पटवारी अरविंद सैनी एवं वनपाल पूनम चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। पटवारी टीम ने 11 नामकरण प्रकरण खोले, 8 शुद्धि प्रकरणों का निस्तारण किया तथा 46 मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र जारी किए। एक सीमा ज्ञान प्रकरण का भी मौके पर निस्तारण किया गया।


राशन, चिकित्सा, पीडब्ल्यूडी, पीएचईडी, आंगनबाड़ी, पंचायती राज, विद्युत, आयुर्वेद, कृषि, ग्राम विकास एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया। अधिकारियों ने बताया कि यह फॉलो-अप शिविर 20 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। इसका उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखना, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करना तथा पात्र व्यक्तियों को नियमित रूप से पेंशन का लाभ सुनिश्चित करना है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *