केकड़ी, 24 जुलाई। जयपुर-भीलवाड़ा बाईपास के समीप स्टेट हाईवे से भट्टा कॉलोनी पानी की टंकी तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को क्षेत्रवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने स्टेट हाईवे पर टेंट लगाकर और कांटेदार झाड़ियां डालकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण जयपुर-भीलवाड़ा मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई किलोमीटर तक यातायात प्रभावित रहा। जाम में फंसे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि स्टेट हाईवे से भट्टा कॉलोनी पानी की टंकी तक सड़क निर्माण की मांग पिछले करीब सात वर्षों से लगातार की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। क्षेत्रवासी इससे पहले भी दो बार सड़क निर्माण की मांग को लेकर जाम लगा चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।

जाम की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से समझाइश की। इसके बाद पालिका मंडल के अधिकारी तथा नगर परिषद के नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र चौधरी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों को जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का भरोसा दिलाया। आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे दोबारा उग्र आंदोलन करेंगे।