जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 की अधिसूचना जारी, 31 जुलाई तक होंगे ऑनलाइन आवेदन, 28 नवंबर को परीक्षा

देश के प्रतिष्ठित नवोदय विद्यालयों में प्रवेश का सुनहरा मौका, कक्षा 6 के लिए आवेदन शुरू

केकड़ी। ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों के लिए देश के प्रतिष्ठित आवासीय शिक्षण संस्थानों में शामिल जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) में प्रवेश का सुनहरा अवसर आ गया है। नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST-2027) की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
समिति के अनुसार इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों का ऑनलाइन आवेदन 31 जुलाई 2026 तक कर सकते हैं। चयन परीक्षा 28 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं, छात्रावास, भोजन, खेलकूद तथा सर्वांगीण विकास का अवसर मिलेगा।


ये विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन-चयन परीक्षा में वही विद्यार्थी आवेदन के पात्र होंगे जो संबंधित जिले के मूल निवासी हों तथा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5 में अध्ययनरत हों। अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियां शामिल) के बीच होना आवश्यक है।


ऑनलाइन होंगे आवेदन-आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी। अभिभावकों से अपील की गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन पूरा करें तथा आवेदन पत्र भरते समय सभी दस्तावेज और जानकारी सही दर्ज करें।


ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए बड़ा अवसर-जवाहर नवोदय विद्यालय देश के सबसे प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में गिने जाते हैं। यहां विद्यार्थियों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवास, भोजन, पुस्तकें, खेल एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे में ग्रामीण और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए यह परीक्षा भविष्य संवारने का महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *