पॉल्यूशन-फ्री उद्योगों से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, केकड़ी के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार
केकड़ी, 24 जुलाई। केकड़ी क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। ग्राम मोलकिया में करीब 100 बीघा भूमि पर नए रिको औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना का कार्य शुरू हो गया है। परियोजना के तहत औद्योगिक क्षेत्र की चारदीवारी का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने से पर्यावरण अनुकूल (पॉल्यूशन-फ्री) उद्योग स्थापित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ ही क्षेत्र में निवेश और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, मोलकिया में विकसित किए जा रहे इस रिको औद्योगिक क्षेत्र का उद्देश्य स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल उद्योगों को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से छोटे एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। लंबे समय से औद्योगिक क्षेत्र की मांग कर रहे लोगों के लिए यह परियोजना बड़ी सौगात मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि विधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रयासों से इस परियोजना को गति मिली है।

कृषि आधारित उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा-नया रिको पूरी तरह पॉल्यूशन-फ्री होगा, जहां कृषि प्रसंस्करण (एग्रीकल्चर प्रोसेसिंग) उद्योगों की स्थापना को प्राथमिकता दी जाएगी। केकड़ी क्षेत्र में सरसों, चना, उड़द और मूंग का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। ऐसे में कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग यूनिट लगने से किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा, स्थानीय स्तर पर मूल्य संवर्धन होगा तथा ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
तीन रिको से बढ़ेगी औद्योगिक क्षमता-मोलकिया के अलावा केकड़ी शहर के निकट सापूण्डा में भी करीब 200 बीघा भूमि पर नया रिको औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद केकड़ी क्षेत्र में तीन रिको औद्योगिक क्षेत्र हो जाएंगे, जिससे निवेश, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार होने की संभावना है।

विधायक बोले-केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि मोलकिया में नया रिको औद्योगिक क्षेत्र स्थापित होने से उद्योग-धंधों को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि सापूण्डा के निकट भी 200 बीघा भूमि पर रिको विकसित किया जा रहा है। दोनों परियोजनाओं के पूरा होने पर क्षेत्र में हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि पॉल्यूशन-फ्री उद्योगों से प्रदूषण नहीं होगा, स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में रोजगार मिलेगा और पलायन भी रुकेगा। विधायक ने कहा कि नया रिको केकड़ी के औद्योगिक विकास का मील का पत्थर साबित होगा तथा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा।