केकड़ी, 23 जुलाई
पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं गुजरात कांग्रेस प्रभारी डॉ. रघु शर्मा के 26 जुलाई को होने वाले जन्मोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। जन्मोत्सव सरवाड़ स्थित बंक्यारानी स्थान पर धूमधाम से मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को सावर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने जन्मोत्सव को जनभागीदारी के साथ भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में मौजूद युवा नेता सागर शर्मा ने कहा कि डॉ. रघु शर्मा ने क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ जन्मोत्सव को यादगार बनाएंगे। इस बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह शक्तावत, समीर वीर सिंह शक्तावत, रतन काका माली मौजूद थे।
आयोजकों के अनुसार जन्मोत्सव को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा जाएगा। इस अवसर पर वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर तथा निःशुल्क चिकित्सा शिविर जैसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।