शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा ने किया भूमि पूजन एवं शिलान्यास

कजोड़िया में एक करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले खेल स्टेडियम का भूमि पूजन एवं शिलान्यास करते शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा व अतिथि।
केकड़ी -कजोड़िया में करीब एक करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले खेल स्टेडियम का गुरुवार को शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा ने भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक बैरवा ने कहा कि स्टेडियम के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की है।विधायक ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।

समारोह में विधायक बैरवा ने कहा कि भाजपा के ढाई साल के शासनकाल में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश चहुंमुखी विकास की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि शाहपुरा और केकड़ी सहित अधिकांश निकायों में जनता भाजपा के बोर्ड बनाने जा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का काम केवल चिल्लाना रह गया है।समारोह को शाहपुरा पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि धर्मराज चाढ़ा, पूर्व प्रधान शाहपुरा गोपाल गुर्जर तथा ग्राम पंचायत प्रशासक गोपाललाल धाकड़ ने भी संबोधित किया।इससे पूर्व ग्राम पंचायत सरपंच गोपाल धाकड़ के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विधायक लालाराम बैरवा का घोड़ी पर बैठाकर बैंड-बाजे के साथ समारोह स्थल तक स्वागत किया। विधायक सहित अतिथियों का 51 किलो फूलों की माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस दौरान बाला बना, दिनेशकुमार पाराशर, हरि गुर्जर, रामावतार राठौड़, विष्णु पाराशर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। प्रधानाध्यापक कुलदीप कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक देवेंद्र सिंह शक्तावत के निरंतर प्रयासों से पिछले पांच वर्षों से विद्यालय की खेल प्रतिभाएं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। इस अवसर पर अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खेल प्रतिभाओं को पारितोषिक देकर सम्मानित किया।
